MP Lok Sabha Election 2024: मध्य प्रदेश में फग्गन सिंह और गणेश सिंह के सामने एंटी इनकंबैंसी की चुनौती

मध्य प्रदेश के सीधी व शहडोल में आदिवासी वर्ग भाजपा के लिए बन सकता है चुनौती। उधर छिंदवाड़ा और बालाघाट में कांग्रेस के सामने आंतरिक मदभेद का संकट।

By shashi tiwari

Publish Date: Mon, 01 Apr 2024 04:00 AM (IST)

Up to date Date: Mon, 01 Apr 2024 04:00 AM (IST)

MP Lok Sabha Election 2024: मध्य प्रदेश में फग्गन सिंह और गणेश सिंह के सामने एंटी इनकंबैंसी की चुनौती
गणेश सिंह और फग्गन सिंह कुलस्ते।

HighLights

  1. दोनों नेता पिछले साल हुए विधानसभा चुनाव में हार गए थे।
  2. कांग्रेस की इकलौती छिंदवाड़ा सीट पर भी समीकरण तेजी से बदल रहे हैं।
  3. जबलपुर में भाजपा और कांग्रेस दोनों के नए उम्मीदवार होने से लड़ाई रोचक हो गई है।

MP Lok Sabha Election 2024: शशिकांत तिवारी, भोपाल। लोकसभा चुनाव के पहले मध्य प्रदेश में महाकोशल और विंध्य अंचल में राजनीतिक उठापटक पर सबकी नजर है। इसका कारण यहां के तेजी से बदलते समीकरण हैं। पिछले लोकसभा चुनाव की तुलना में बहुत कुछ बदल गया है। मंडला से भाजपा के छह बार के सांसद व प्रत्याशी फग्गन सिंह कुलस्ते और सतना से चार बार के सांसद व प्रत्याशी गणेश सिंह को एंटी इनकंबैंसी का सामना करना पड़ रहा है।

यह इस बात से भी स्पष्ट है कि दोनों नेता पिछले साल हुए विधानसभा चुनाव में हार गए थे। उधर, प्रदेश में कांग्रेस की इकलौती छिंदवाड़ा सीट पर भी समीकरण तेजी से बदल रहे हैं। यहां पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ के करीबी विधायक कमलेश शाह शुक्रवार को भाजपा में शामिल हो गए हैं। उनके करीबी दीपक सक्सेना के पुत्र भी भाजपा का दामन थाम चुके हैं, जबकि दीपक पार्टी के सभी दायित्व त्याग चुके हैं। भाजपा किसी भी हाल में यह सीट जीतना चाहती है।

बालाघाट में भी कांग्रेस प्रत्याशी सम्राट सिंह सरस्वार को आंतरिक विरोध झेलना पड़ा रहा है। यहां से कांग्रेस विधायक अनुभा मुंजारे के पति कंकर मुंजारे बसपा से चुनाव लड़ गए हैं। सीधी और शहडोल में आदिवासी वर्ग भाजपा के सामने चुनौती है। एसटी वर्ग के मतदाता किसके साथ जाएंगे कहा नहीं जा सकता। जबलपुर में भाजपा और कांग्रेस दोनों के नए उम्मीदवार होने से लड़ाई रोचक हो गई है। रीवा में भाजपा कांग्रेस से दमदार और ब्राह्मण उम्मीदवार होने से चुनाव दिलचस्प है।

naidunia_image

छिंदवाड़ा

प्रदेश से कांग्रेस के एकमात्र सांसद नकुल नाथ फिर मैदान में हैं। वह भाजपा के विवेक बंटी साहू से मुकाबला कर रहे हैं। कांग्रेस और कमल नाथ के सामने यहां अपना कुनबा बचाने की चुनौती है तो भाजपा कांग्रेस के इस अभेद्य किले को ढहाने के लिए सेंधमारी से लेकर पूरे जतन कर रही है। भाजपा यहां बड़े नेताओं की सभा कराने की तैयारी में है।

बालाघाट

पूर्व लोकसभा सदस्य और तीन बार के विधायक कंकर मुंजारे के यहां बसपा से मैदान में उतरने से मुकाबला त्रिकोणीय हो गया है। भाजपा-कांग्रेस दोनों ने यहां नए चेहरों पर दांव लगाया है। भाजपा प्रत्याशी भारती पारधी ओबीसी वर्ग (पंवार) से आती हैं, जिनकी संख्या यहां बहुतायत में है। कांग्रेस ने सम्राट सिंह सरस्वार पर दांव खेला है। उनके पिता भी विधायक रहे हैं। सरस्वार के सामने भाजपा के साथ अपनों की भी चुनौती मिल रही है।

मंडला

आदिवासी (एसटी) के लिए सुरक्षित इस सीट से पिछले सात चुनावों में छह बार (वर्ष 2009 छोड़कर) भाजपा के फग्गन सिंह कुलस्ते जीतते रहे हैं। इस कारण उन्हें एंटी इनकंबैंसी का सामना भी करना पड़ रह है। विधानसभा चुनाव में हारने के बाद से वह मतदाताओं को रिझाने की कोशिश कर रहे हैं। उधर, कांग्रेस ने यहां डिंडौरी से विधायक व पूर्व मंत्री ओमकार सिंह मरकाम को लड़ाकर मुकाबला दिलचस्प बना दिया है। दोनों वर्ष 2014 में भी आमने-सामने थे।

जबलपुर

भाजपा यहां से 1996 से लगातार जीतती आ रही है। भाजपा से आशीष दुबे तो कांग्रेस से दिनेश यादव पहली बार लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं। हाल ही में महापौर जगत बहादुर सिंह (अन्नू) के भाजपा में जाने से कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। भाजपा यहां से काफी पहले प्रत्याशी घोषित कर प्रचार में आगे निकल गई है।

शहडोल

वर्ष 1996 से 2019 के बीच इस सीट से सिर्फ एक बार वर्ष 2009 में कांग्रेस जीती है। यहां पिछली बार की सांसद हिमाद्री सिंह के सामने पहली बार लोकसभा चुनाव लड़ रहे कांग्रेस विधायक फुंदेलाल सिंह मार्कों हैं। इस सीट पर पूरा दारोमदार आदिवासी मतदाताओं के हाथ में है। पीएम नरेन्द्र मोदी ने जुलाई, 2023 में यहां से सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन का शुभारंभ कर आदिवासियों से संवाद भी किया था।

सीधी

पिछला विधानसभा चुनाव हारे कमलेश्वर पटेल को कांग्रेस ने यहां से उतारा है। पार्टी उन्हें ओबीसी नेता के रूप में आगे बढ़ाया है। उनके सामने भाजपा ने नया चेहरा डा. राजेश मिश्रा को उतारा है। यहां ओबीसी और आदिवासी वर्ग के मतदाता निर्णायक हैं।

सतना

भाजपा से चार बार के सांसद गणेश सिंह के सामने कांग्रेस ने दूसरी बार के विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा को मैदान में उतारा है। सिद्धार्थ विधानसभा चुनाव में सतना सीट से गणेश सिंह को हरा चुके हैं। ऐसे में भाजपा के लिए चुनाव आसान कतई नहीं है। दोनों ओबीसी वर्ग से हैं। उधर, हाल में बसपा में आए नारायण त्रिपाठी के यहां बसपा से उतरने के बाद मुकाबला और रोचक हो गया है।

  • ABOUT THE AUTHOR

    नईदुनिया डॉट कॉम इंदौर में मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ डेस्क पर वरिष्ठ उप-संपादक। पत्रकारिता और जनसंचार में देवी अहिल्या विश्वविद्यालय इंदौर से बैचलर और विक्रम विश्वविद्यालय उज्जैन से मास्टर्स डिग्री। इंदौर में 2014

Chhattisgarh Lok Sabha Election 2024: दुर्ग के नेता पहले भी किस्मत आजमा चुके हैं राजनांदगांव से

दुर्ग के धरमपाल गुप्ता को भाजपा ने 1989 में उतारा था चुनाव मैदान में। उन्होंने चुनाव जीतकर कांग्रेस की हैट्रिक रोकी थी।

By Hemraj Yadav

Publish Date: Mon, 01 Apr 2024 04:05 AM (IST)

Up to date Date: Mon, 01 Apr 2024 04:05 AM (IST)

Chhattisgarh Lok Sabha Election 2024: दुर्ग के नेता पहले भी किस्मत आजमा चुके हैं राजनांदगांव से

Chhattisgarh Lok Sabha Election 2024: प्रकाश वर्मा, नईदुनिया राजनांदगांव। प्रदेश की 11 लोकसभा सीटों में राजनांदगांव लोकसभा हाईप्रोफाइल सीट में शामिल है। यहां की पहचान भी अलग है। ऐसा इसलिए कह सकते हैं, क्योंकि राजनांदगांव लोकसभा के मतदाताओं ने अच्छे-अच्छे नेताओं को पटखनी देकर सांसद की कुर्सी से दूर कर दिया है। यहां अब तक 17 बार चुनाव हुए हैं, जिसमें से सात बार खैरागढ़ राजपरिवार के सदस्य सांसद चुने गए।

इस हाईप्रोफाइल सीट पर मुंबई के नेता तक चुनाव जीतकर संसद भवन पहुंच चुके हैं। पड़ोसी जिले दुर्ग के नेताओं ने भी इस सीट पर अपनी किस्मत आजमाई है। बड़ी बात तो यह है कि राजनांदगांव के मतदाताओं ने इन नेताओं को सांसद बनाया भी है। वर्तमान में राजनांदगांव सीट से भाजपा ने सांसद संतोष पांडे को दोबारा मैदान में उतारा है, वहीं कांग्रेस से पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मैदान में है, जो दुर्ग संसदीय क्षेत्र से आते हैं।

naidunia_image

1989 में भाजपा ने रोकी थी कांग्रेस की हैट्रिक

राजनांदगांव से पहली बार वर्ष 1989 में भाजपा ने कांग्रेस की हैट्रिक रोकने दुर्ग के धरमपाल गुप्ता को चुनाव मैदान में प्रत्याशी बनाया था। इस सीट से कांग्रेस के शिवेंद्र बहादुर सिंह लगातार दो बार सांसद रह चुके थे, तीसरी बार भी वो मैदान में हैट्रिक की तैयारी में थे। लेकिन भाजपा के धरमपाल गुप्ता ने दो बार के सांसद रहे शिवेंद्र बहादुर को करीब 70 हजार वोटों से पराजित कर उनकी हैट्रिक रोक दी थी। हालांकि इसके बाद वर्ष 1991 में हुए लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के शिवेंद्र बहादुर ने भाजपा के धरमपाल गुप्ता को हराकर अपनी हार का बदला भी ले लिया। इस तरह दुर्ग के धर्मपाल ने यहां से दो बार भाग्य आजमाया।

  • ABOUT THE AUTHOR

    1993 में नवभारत इंदौर में कंप्यूटर ऑपरेटर के रूप में करियर शुरू किया। इसके बाद 1995 में दैनिक भास्कर में प्रूफ रीडर के तौर पर ज्वाइन किया। 1995 में ही सांध्य दैनिक अग्निबाण में भी पेजमेकर के रूप में सेवाएं दी।

Bilaspur Courtroom Information: हक के लिए कोर्ट का दरवाजा खटखटाना गंभीर, एमडी को बुलावा

गुंजन आदिले ने अधिवक्ता चंद्रेश श्रीवास्तव के माध्यम से छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट में याचिका दायर कर पिता की मृत्यु के बाद अनुकंपा नियुक्ति की गुहार लगाई है।

By Yogeshwar Sharma

Publish Date: Mon, 01 Apr 2024 12:57 AM (IST)

Up to date Date: Mon, 01 Apr 2024 12:57 AM (IST)

Bilaspur Court News: हक के लिए कोर्ट का दरवाजा खटखटाना गंभीर, एमडी को बुलावा
छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट में याचिका दायर कर पिता की मृत्यु के बाद अनुकंपा नियुक्ति की गुहार लगाई है

HighLights

  1. शपथ पत्र के साथ सेटअप की पेश करनी होगी जानकारी
  2. नाराज कोर्ट ने की गंभीर टिप्पणी
  3. अगली सुनवाई के लिए 12 अप्रैल की तिथि तय कर दी है।

नईदुनिया न्यूज,बिलासपुर। जस्टिस एनके व्यास ने छत्तीसगढ़ अधोसंरचना विकास निगम से अन्य विभाग में प्रतिनियुक्ति पर पदस्थ गए कर्मचारी के आश्रित को अनुकंपा नियुक्ति नहीं दिए जाने के खिलाफ पेश याचिका को गंभीरता से लिया है। कोर्ट ने इस संबंध में छत्तीसगढ़ अधोसंरचना विकास निगम के एमडी को नोटिस जारी कर शपथ पत्र के साथ सेटअप की जानकारी पेश करने का निर्देश दिया है। अगली सुनवाई के लिए 12 अप्रैल की तिथि तय कर दी है।

गुंजन आदिले ने अधिवक्ता चंद्रेश श्रीवास्तव के माध्यम से छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट में याचिका दायर कर पिता की मृत्यु के बाद अनुकंपा नियुक्ति की गुहार लगाई है। मामले की सुनवाई जस्टिस एनके व्यास की सिंगल बेंच में हुई। प्रकरण की सुनवाई के दौरान कोर्ट ने अधोसरंचना विकास निगम के अलावा राज्य शासन की ओर से पैरवी कर रहे विधि अधिकारियों से पूछा कि राज्य परिवहन निगम को भंग करने के बाद कर्मचारियों व अधिकारियों की अन्य विभागों में प्रतिनियुक्ति की गई है। प्रतिनियुक्ति पर जाने वाले अधिकारी व कर्मचारी की मृत्यु के बाद अनुकंपा नियुक्ति के अलावा वेलफेयर का क्या प्रविधान है। राज्य अधोसंरचना विकास निगम के जवाब से कोर्ट ने नाराजगी व्यक्त की और कड़ी टिप्पणी करते हुए कहा कि करोड़ों की संपत्ति के बाद भी कर्मचारियों की मृत्यु के बाद स्वजनों को अनुकंपा नियुक्ति के लिए दर-दर भटकना पड़े और परेशान होकर आखिर में कोर्ट का दरवाजा खटखटाना पड़े यह गंभीर बात है। मालूम हो कि राज्य गठन के बाद राज्य शासन ने मध्य प्रदेश राज्य परिवहन निगम को भंग करने का निर्णय लिया। निगम को भंग करने के साथ ही छत्तीसगढ़ राज्य अधोसंरचना विकास निगम का गठन कर दिया। राज्य परिवहन निगम के कर्मचारियों के अलावा संपूर्ण चल-अचल संपत्ति अधोसंरचना विकास निगम के हवाले कर दिया गया। इसके बाद भंग राज्य परिवहन निगम के कर्मचारियों को विभिन्न विभाग में प्रतिनियुक्ति पर पदस्थापना देने की प्रक्रिया पूरी की गई। याचिकाकर्ता ने अपनी याचिका में बताया है कि उसके पिता भी राज्य परिवहन निगम के कर्मचारी थे। प्रतिनियुक्ति के तहत उन्हें जनसंपर्क विभाग में पदस्थापना दी गई थी। सेवाकाल के दौरान पिता का निधन हो गया। पिता के निधन के बाद नियमानुसार उसने राज्य शासन के समक्ष आवेदन पेश कर अनुकंपा नियुक्ति की मांग की। उसके आवेदन को यह कहते हुए अस्वीकार कर दिया कि छत्तीसगढ़ अधोसंरचना विकास निगम में सेटअप ही नहीं है।

कोर्ट ने जताई नाराजगी, किया तलब

याचिकाकर्ता के अधिवक्ता ने कोर्ट को जब इसकी जानकारी दी तब कोर्ट ने नाराजगी के साथ ही आश्चर्य भी व्यक्त किया। नाराज कोर्ट ने अधोसंरचना विकास निगम और राज्य शासन से पूछा कि करोड़ों की संपत्ति होने के बाद भी अनुकंपा नियुक्ति का क्या प्रविधान है। प्रविधान क्यों नहीं किया गया। यह तो कर्मचारियों के स्वजनों के भविष्य के साथ सीधा-सीधा खिलवाड़ किया जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोर्ट ने अगली सुनवाई के लिए 12 अप्रैल की तिथि तय कर दी है।

Bilaspur Information: रेयर केस: पुरुष में महिला जननांग हुआ विकसित, फिर हुआ कैंसर, सिम्स में मिला इलाज

सिम्स के कैंसर डिपार्टमेंट के एचओडी डा़ चंद्रहास ध्रुव के मुताबिक युवक करीब छह महीने पहले इलाज के लिए आया था। उस समय उसने बताया कि लगातार तीन-चार महीने से बुखार आ रहा है और शरीर में कई जगहों पर गांठ हो गया है।

By Yogeshwar Sharma

Publish Date: Mon, 01 Apr 2024 01:02 AM (IST)

Up to date Date: Mon, 01 Apr 2024 01:02 AM (IST)

Bilaspur News: रेयर केस: पुरुष में महिला जननांग हुआ विकसित, फिर हुआ कैंसर, सिम्स में मिला इलाज
सिम्स (छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान) में मेडिकल हिस्ट्री का एक रेयर मामला पहुंचा

HighLights

  1. चिकित्सकों के मुताबिक देश में इस तरह का तीसरा मामला आया है सामने
  2. एक दुर्लभ प्रकार का कैंसर भी पाया गया है
  3. पूरी तरह से ठीक होने में कम से कम दो साल का समय लगेगा।

नईदुनिया न्यूज,बिलासपुर। सिम्स (छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान) में मेडिकल हिस्ट्री का एक रेयर मामला पहुंचा है। इसमें एक 26 वर्षीय युवक में महिला जननांग भी पाया गया है। उसमें एक दुर्लभ प्रकार का कैंसर भी पाया गया है। इसका नाम प्रेसिडेंट मूलेरियन डक्ट सिंड्रोम विद जर्म सेल ट्यूमर आफ टेस्टिस है। चिकित्सकों के मुताबिक इस तरह का तीसरा मामला देश में सामने आया है। हालांकि सिम्स के चिकित्सकों ने उसके महिला जननांग के अंदर अंडाशय हुए कैंसर का सफल इलाज कर युवक को सुरक्षित किया गया है। साथ ही उसे फालोअप में रख गया है। उसे पूरी तरह से ठीक होने में कम से कम दो साल का समय लगेगा।

सिम्स के कैंसर डिपार्टमेंट के एचओडी डा़ चंद्रहास ध्रुव के मुताबिक युवक करीब छह महीने पहले इलाज के लिए आया था। उस समय उसने बताया कि लगातार तीन-चार महीने से बुखार आ रहा है और शरीर में कई जगहों पर गांठ हो गया है। उसमें पुरुष जननांग के साथ महिला जननांग भी बन गया है। यह बात सुनकर चिकित्सक हैरान हो गए। इसकी जानकारी लेने पर पता चला कि इस तरह के दो मामले भुवनेश्वर में आ चुके हैं और यह तीसरा मामला है। जांच के बाद युवक के कैंसर से पीड़ित होने की आशंका हुई। इसके बाद सीटी स्केन और बायोप्सी जांच में विकसित हुए महिला जननांग के अंडाशय में कैंसर होना पाया गया। यह तीसरे स्टेज में पहुंच चुका था। इसके बाद लगभग छह महीना के इलाज में उसे 12 बार किमोथैरेपी दी गई और महिला जननांग में आए कैंसर को ठीक कर लिया गया। हालांकि चिकित्सकों का कहना है कि एक अंडाशय निकालना पड़ा है। इसकी वजह से उसके पिता बनने की संभावना न के बराबर रह गया है, लेकिन अब वह स्वस्थ चल रहा है। इस मामले में डाक्टर का कहना है कि उसे पूरे तरह से ठीक होने में कम से कम दो साल का समय लगेगा और उसे लगातार फालोअप में रखा गया है। दो साल बाद ही उसे पूरी तरह से स्वस्थ कहा जा सकता है।

इन कारणों से महिला जननांग हुआ होगा विकसित

डा. चंद्रहास का कहना है कि मेडिकल साइंस के मुताबिक जब बच्चा गर्भाशय में रहता है तो जननांग बनने की प्रक्रिया पहले महीने से सातवें महीने के बीच तक होता है। पुरुष व महिला बनने की प्रक्रिया दो अलग-अलग नालियों से तय होता है। अगर फीमेल वाली नालियां बनना शुरू हुआ तो लड़की पैदा होती है और मेल के लिए भी यही प्रक्रिया होती है। लेकिन सिम्स पहुंचे युवक के साथ यह कुछ अलग हुआ। जब वह गर्भ में था तो उसके दोनों जननांग एक साथ विकसित होने लगे और इसी वजह से उसमें महिला और पुरुष दोनों के जननांग बन गए। मेडिकल साइंस में यह बेहद ही दुर्लभ मामला है।

Korba crime Information : तेज रफ्तार कार अनियंत्रित हो डिवाइडर से टकराई, दो को चोंट

Korba crime Information : बीती रात तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। घटना में कार के सामने का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार दो लोगों को मामूली चोंटें लगी।

By Pradeep Barmaiya

Publish Date: Mon, 01 Apr 2024 01:04 AM (IST)

Up to date Date: Mon, 01 Apr 2024 01:04 AM (IST)

Korba crime News : तेज रफ्तार कार अनियंत्रित हो डिवाइडर से टकराई, दो को चोंट

नईदुनिया प्रतिनिधि कोरबा । बीती रात तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। घटना में कार के सामने का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार दो लोगों को मामूली चोंटें लगी।

घटना सीएसईबी चौकी क्षेत्र अंतर्गत महाराणा प्रताप चौक से घंटाघर के मध्य स्थित कोरबा कंप्यूटर कालेज के पास हुई। बताया जा रहा है कि दुर्ग आरटीओ पासिंग इस कार की रफ्तार काफी तेज थी और उसमें शराब के नशे में दो युवक सवार थे। दूसरी वाहन को ओवरटेक करने के दौरान यह घटना हुई। घटना के बाद स्थल पर लोगों की भीड़ लग गई। इससे जाम की स्थिति निर्मित हो गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल पर लगे जाम को हटवाया गया और आगे की जांच पड़ताल में जुट गई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि दुर्घटना इतनी जबरदस्त थी कि कार के सामने का हिस्सा क्षतिग्रस्त होने के साथ ही एयरबैग खुल गया।इससे कार में सवार लोगों को मामूली चोंटे लगी।

ट्रेलर की टक्कर से अनियंत्रित हो कार नाले में जा गिरी

कोरबा । सर्वमंगला-कनकी मार्ग पर सोनपुरी के निकट अज्ञात ट्रेलर की टक्कर से एक कार अनियंत्रित होकर नाले में जा गिरी। दुर्घटना में कार में सवार लोग बाल-बाल बच गए। कार क्रमांक सीजी-12 बीएच-3286 में कुछ लोग सवार होकर रविवार की सुबह सर्वमंगला-कनबेरी मार्ग से जा रहे थे। अभी सोनपुरी पुल के निकट पहुंचे थे कि एक अज्ञात ट्रेलर चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चालन करते हुए कार को पीछे से ठोकर मार दिया, इससे चालक से कार अनियंत्रित हो गई और नाले में जा गिरी। घटना में कार का एयरबैग भी खुल गया। घटना के बाद कार में सवार लोग किसी तरह बाहर निकल कर अपने गंतव्य की ओर चले गए। इस दुर्घटना की सूचना मार्ग से गुजर रहे कुछ लोगों ने पुलिस को दी। इस पर पुलिस कर्मी स्थल पर पहुंचे। कार में कौन सवार थे, इसकी पतासाजी पुलिस कर रही है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि एयरबैग खुलने की वजह से कार में सवार लोग बाल-बाल बच गए। ज्ञात रहे इस मार्ग पर आए दिन इस तरह की घटना होते रहती है। इसकी प्रमुख वजह मार्ग पर वाहन चालकों द्वारा तेज रफ्तार से गाडिय़ों का चलाया जाना है।

Korba crime Information : शासकीय नौकरी दिलाने के नाम पर ठगे सात लाख

Korba crime Information : अपने आपको शासकीय कर्मचारी बताकर एक पान दुकान के संचालक को एक व्यक्ति ने ठग लिया। संचालक को सिंचाई विभाग व उसकी बहन को राजस्व विभाग में पटवारी पद पर नौकरी दिलाने के नाम पर सात लाख रूपये ले लिया। साथ ही फर्जी नियुक्ति पत्र भी थमा दिया।

By Pradeep Barmaiya

Publish Date: Mon, 01 Apr 2024 01:07 AM (IST)

Up to date Date: Mon, 01 Apr 2024 01:07 AM (IST)

Korba crime News : शासकीय नौकरी दिलाने के नाम पर ठगे सात लाख

नईदुनिया प्रतिनिधि कोरबा। अपने आपको शासकीय कर्मचारी बताकर एक पान दुकान के संचालक को एक व्यक्ति ने ठग लिया। संचालक को सिंचाई विभाग व उसकी बहन को राजस्व विभाग में पटवारी पद पर नौकरी दिलाने के नाम पर सात लाख रूपये ले लिया। साथ ही फर्जी नियुक्ति पत्र भी थमा दिया। ढोढीपारा निवासी विकास राठौर पान दुकान का संचालन करता है। उसने पुलिस को बताया कि भीखारी लाल कर्ष से सका परिचय बजरंग श्रीवास निवासी बुधवारी बाजार ने कराया था।

साथ ही कहा था कि भिखारी लाल कर्ष नौकरी लगवाता है, इसके साथ ही उसके घर भी ले गया। विकास अपने मित्र के बात में आ गया और उसने भीखारी लाल से नौकरी लगाने के संबंध चर्चा की। इस बीच दिसंबर 2016 के अंतिम सप्ताह से फरवरी 2017 के मध्य विकास ने भीखारी लाल को चरणबद्ध ढंग से सात लाख रूपये दिए। दोनों के मध्य समझौता हुआ कि इस राशि के एवज में उसे (विकास) सिंचाई विभाग में पटवारी तथा उसकी बहन पिंकी रानी को राजस्व विभाग में पटवारी के पद पर नौकरी दिलाएगा। इस बीच उसने अपर सचिव छग शासन क्षेत्रीय कार्यालय (कलेक्टोरेट) रायपुर महानदी भवन नया रायपुर अटल नगर के आदेश का लिपिक पद का फर्जी नियुक्ति पत्र दे दिया।

बाद में सच्चाई सामने आने पर उसने रूपये वापस करने के लिए दबाव बनाया, तब रुपये वापसी का दबाव बनाए जाने पर उसके द्वारा एक शपथ पत्र 10 नवंबर 2019 के साथ ही छह लाख रूपये का चेक दिया, इसमें तारीख अंकित नहीं था। साथ ही एक लाख रुपये ट्रांसफर करने का भरोसा दिलाया। इसके बावजूद राशि वापस नहीं की। पीड़ित की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने भिखारी लाल कर्ष के विरुद्ध धारा 420, 467, 468, 471 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना कर रही है।

Korba crime Information : तालाब में मिली एसईसीएल कर्मी पहाड़ी कोरवा की लाश

Korba crime Information : ग्राम रलिया के पानीपिया तालाब में एक युवक की लाश मिली। मृतक की पहचान एसईसीएल में सुरक्षा कर्मी का काम करने वाले पहाड़ी कोरवा जनजाति युवक के रूप में हुई है। उसकी बाइक तालाब में मेड़ में खड़ी मिली है। संभावना जताई जा रही है कि अत्यधिक नशा के कारण युवक पानी में डूब गया होगा।

By Pradeep Barmaiya

Publish Date: Mon, 01 Apr 2024 01:13 AM (IST)

Up to date Date: Mon, 01 Apr 2024 01:13 AM (IST)

Korba crime News : तालाब में मिली एसईसीएल कर्मी पहाड़ी कोरवा की लाश

नईदुनिया प्रतिनिधि कोरबा । ग्राम रलिया के पानीपिया तालाब में एक युवक की लाश मिली। मृतक की पहचान एसईसीएल में सुरक्षा कर्मी का काम करने वाले पहाड़ी कोरवा जनजाति युवक के रूप में हुई है। उसकी बाइक तालाब में मेड़ में खड़ी मिली है। संभावना जताई जा रही है कि अत्यधिक नशा के कारण युवक पानी में डूब गया होगा। हरदीबाजार थानांतर्गत ग्राम रलिया के कुछ ग्रामीण पानीपिया तालाब की ओर गए हुए थे। इस दौरान उन्हें तालाब में एक युवक के डूबने की जानकारी मिली। सूचना मिलने पर थाने में पदस्थ एएसआई रामकृष्ण आदित्य पुलिस टीम के साथ मौके पर जा पहुंचे।

पुलिस की मौजूदगी में ग्रामीणों ने लाश की खोजबीन शुरू की, तब काफी मशक्कत के बाद शव मिला। इसके बाद पुलिस ने मृतक की शिनाख्ती कार्रवाई प्रयास किया, तब उसकी पहचान करतला थाना क्षेत्र के ग्राम मदनपुर दर्री टोला निवासी मंगतराम पहाड़ी कोरवा 29 वर्ष के रूप में हुई। मृतक दीपका के प्रगतिनगर कालोनी में निवास करता था और एसईसीएल में सुरक्षा कर्मी के रूप में काम करता था। उसकी बाइक तालाब के मेड़ में खड़ी मिली है। इससे पुलिस ने संभावना जताते हुए कहा कि मृतक रंग पंचमी होने के कारण दोस्तों के साथ त्यौहार मनाने के बाद तालाब की ओर गया होगा, जहां गहरे पानी में डृबने से मौत हुई होगी। बहरहाल पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई कर शव पोस्टमार्टम करा अंतिम संस्कार के लिए स्वजनों को सौंप दिया।

एक ही परिवार की लापता तीन महिलाएं मिली रायपुर में

कोरबा । शहर के सीतामढ़ी क्षेत्र से लापता हुई तीन महिलाओं को पुलिस ने आखिरकार मोबाइल लोकेशन के आधार पर ढूंढ निकाला। पारिवारिक कलह की वजह से परेशान होकर लापता हुई महिलाएं घर छोड़ कर चली गई थी। स्वजनों ने 20 हजार रूपये का इनाम भी रखा था।

मोती सागर पारा इलाके में रहने वाले सारथी परिवार के यहां से तीन महिलाएं लगभग 15 दिन पहले बाजार जाने के नाम पर घर से निकली और फिर वापस नहीं लौटी। छह माह के बच्चे को छोड़कर चले जाने से यह मामला तूल पकड़ लिया था। वहीं स्वजनों ने दो लाख नगदी समेत पांच लाख के सोने जेवरात भी महिलाओं के ले जाने की जानकारी पुलिस को दी थी। एकाएक तीन महिला के लापता होने से कोतवाली पुलिस भी चिंतित हो पतासाजी में जुटी थी। पुलिस ने बताया कि घर की मुखिया ताराबाई सारथी और सरोजिनी ने उन्हें बताया था कि लापता महिलाएं अपने साथ जेवरात और नगदी रकम भी ले गई हैं। सारथी परिवार ने उनके बारे में सूचना देने वाले व्यक्ति को 20 हजार का इनाम देने की घोषणा भी की थी। शिकायत के बाद पुलिस अपनी जांच कर रही थी। कोतवाली थाना प्रभारी एमबी पटेल ने बताया कि मोबाइल लोकेशन के आधार पर इन तीनों महिलाओं को रायपुर से ढूंढा गया है। इनमें से एक परिवार की बहू उसकी ननद और एक फ्रेंड है। पुलिस ने बताया की नगदी और जेवरात लेकर जाने वाली बात सामने नहीं आई है। बहरहाल महिलाओं के लापता होने के दौरान जिस प्रकार की बातें सामने आ रही थी, उसमें अब नाटकीय मोड़ आ गया है। कोतवाल पटेल ने बताया कि लापता महिलाओं से चर्चा की जा रही है, इसके बाद आगे कार्रवाई की जाएगी

Korba crime Information : दर्री थाना प्रभारी पर युवक ने लगाया बेदम पिटाई का आरोप

Korba crime Information : दर्री थाना प्रभारी पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है। महिला संबंधी अपराध के मामले में दर्री पुलिस को एक आरोपित नहीं मिला तो उसके भाई को ही पकड़कर ले आये और कमरे में बंद कर जमकर पिटाई कर दी। आरोप लगाने वाले इस युवक का वीडियो वायरल हो रहा है।

By Devendra Gupta

Publish Date: Mon, 01 Apr 2024 12:59 AM (IST)

Up to date Date: Mon, 01 Apr 2024 12:59 AM (IST)

Korba crime News : दर्री थाना प्रभारी पर युवक ने लगाया बेदम पिटाई का आरोप

नईदुनिया प्रतिनिधि कोरबा। दर्री थाना प्रभारी पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है। महिला संबंधी अपराध के मामले में दर्री पुलिस को एक आरोपित नहीं मिला तो उसके भाई को ही पकड़कर ले आये और कमरे में बंद कर जमकर पिटाई कर दी। आरोप लगाने वाले इस युवक का वीडियो वायरल हो रहा है। एरिगेशन कालोनी निवासी पीड़ित बबलू ने बताया कि थाना प्रभारी अविनाश कंवर ने भाई के न मिलने पर प्रभारी व पुलिस कर्मियों ने उसकी पिटाई की है। पीड़ित के पीठ व कमर के नीचे गंभीर चोट दिख रहे हैं।

पीड़ित के भाई के नाम से एक महिला ने शिकायत की थी। शराब पीकर पीड़ित का भाई गाली गलौज कर रहा था। पीड़ित ने आरोपी का घर तक दिखाने में पुलिस को सहयोग किया था।जिले में दो दिन पहले ही बिलासपुर रेंज के आइजी डा.संजीव शुक्ला ने पुलिस अधिकारियों को ऐसा काम करने के लिए प्रेरित किया जिससे कि जनता पर पुलिस का विश्वास बढ़े। दूसरी तरफ इसके ठीक विपरीत दर्री थाना के प्रभारी प्रशिक्षु अधिकारी अविनाश कंवर ने एक बेकसूर युवक पर अपना गुस्सा इस कदर उतारा कि उसे घातक चोटें आई हैं।

मालगाड़ी से कटकर युवक की मौत

कोरबा । ट्रांसपोर्ट नगर के पास रेलवे ट्रेक के बीच एक व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। स्थल पर काफी संख्या लोगों की भीड़ लग गई। मृतक ने आत्महत्या की है या फिर दुर्घटना का शिकार हो गया है। यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका। सूचना मिलने पर पहुंची सीएसईबी चौकी पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मृतक कौन है और कहां का रहने वाला है, इस संबंध में किसी तरह की जानकारी नहीं मिल सकी है। मृतक की शिनाख्त करने के पहले प्रयास किया जा रहा है। इसके बाद आगे कार्रवाई की जाएगी।

Ambikapur Information : विलंब से चलने का रिकार्ड बना रही शहडोल-अंबिकापुर मेमू

Ambikapur Information : सरगुजा संभाग सहित मध्य प्रदेश के यात्रियों के लिए बेहद उपयोगी शहडोल-अंबिकापुर मेमू ट्रेन की लेटलतीफी से यात्री हलाकान हैं। भीषण गर्मी के बीच शहडोल से प्रतिदिन दोपहर 12़ 30 बजे अंबिकापुर रवाना होने वाले यह ट्रेन रोज विलंब से छूट रही है।

By Anang Pal Dixit

Publish Date: Mon, 01 Apr 2024 12:30 AM (IST)

Up to date Date: Mon, 01 Apr 2024 12:30 AM (IST)

Ambikapur News : विलंब से चलने का रिकार्ड बना रही शहडोल-अंबिकापुर मेमू

नईदुनिया प्रतिनिधि अंबिकापुर। सरगुजा संभाग सहित मध्य प्रदेश के यात्रियों के लिए बेहद उपयोगी शहडोल-अंबिकापुर मेमू ट्रेन की लेटलतीफी से यात्री हलाकान हैं। भीषण गर्मी के बीच शहडोल से प्रतिदिन दोपहर 12़ 30 बजे अंबिकापुर रवाना होने वाले यह ट्रेन रोज विलंब से छूट रही है। रविवार को इस ट्रेन ने देरी का नया रिकार्ड कायम कर दिया। यह निर्धारित समय दोपहर साढ़े बारह बजे की जगह दोपहर बाद तीन बजकर 50 मिनट पर शहडोल से रवाना हुई। यह रात करीब नौ बजे अंबिकापुर पहुंची।

अंबिकापुर से इसी ट्रेन को अनूपपुर पैसेंजर के रूप में रात में रवाना किया गया। घंटों इस ट्रेन के विलंब से चलने से यात्री परेशान रहे। उन्हें ट्रेन की प्रतीक्षा में काफी समय व्यतीत करना पड़ा। प्रतिदिन विलंब से चल रही इस ट्रेन को सुचारू रूप से चलाने रेलवे प्रबंधन तनिक भी ध्यान नहीं दे रहा है। इसका खामियाजा दो राज्यों के रेल यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है। आने वाले समय में गर्मी की छुट्टी भी आरंभ हो जाएगी। उस दौरान ट्रेनों में भीड़ भी बढ़ेगी। ऐसी स्थिति में शहडोल अंबिकापुर मेमू ट्रेन के संचालन में रेलवे प्रबंधन को ध्यान देने की आवश्यकता है, ताकि भीषण गर्मी में लोगों को कुछ राहत मिल सके।

शहडोल से अंबिकापुर के लिए दिन की पहली ट्रेन

दिल्ली, भोपाल, इंदौर, कटनी सहित अन्य इलाके से सरगुजा संभाग और मध्य प्रदेश के अनूपपुर, बिजुरी, कोतमा की ओर जाने वाले यात्रियों को शहडोल से प्रतिदिन पहली ट्रेन दोपहर 12़ 30 बजे शहडोल अंबिकापुर मेमू के रूप में मिलती है। इसके बाद दोपहर ढाई बजे शहडोल अंबिकापुर एवं शाम को जबलपुर अंबिकापुर ट्रेन है। पहली ट्रेन होने के कारण उसमें लंबी दूरी तय कर शहडोल पहुंचे यात्री काफी संख्या में यात्रा करते हैं। ऐसे यात्री इसी ट्रेन में अनूपपुर स्टेशन से भी सवार होते हैं। ऐसे में इस ट्रेन के लगातार घंटों विलंब से चलने के कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

यात्री ट्रेनों के प्रति प्रबंधन का ध्यान नहीं

आदिवासी बहुल सरगुजा संभाग के लिए ट्रेन सुविधा आवागमन का बेहतर साधन है। इस सुविधा का संचालन बेहतर तरीके से नहीं होने के कारण आज स्थिति यह है कि कभी भी यात्री ट्रेनों की आवाजाही तकनीकी कारणों से रोक दी जाती है। कारण ये बताया जाता है कि तीसरी लाइन या एआइ कार्य किया जा रहा है, जबकि उसी रूट पर मालगाड़ियों का संचालन निर्बाध ढंग से होता रहता है। यात्रियों का कहना है कि मालगाड़ी का परिवहन होता रहे क्योंकि यह लोगों के लिए जरूरी है। यही मापदंड यात्री ट्रेनों के लिए भी होना चाहिए। अचानक कैंसिल करने एवं विलंब से चलने वाली ट्रेनों को सुचारू रूप से संचालित करने रेलवे प्रबंधन को ध्यान देने की जरूरत है।

पानी की समस्या गंभीर, एसडीएम ने किया वार्डों का निरीक्षण

गर में पेयजल आपूर्ति से जुड़ी जन समस्याओं को लेकर प्रशासन गंभीर हो गई है। मामले में एसडीएम बीआर ठाकुर एवं सीएमओ अमरेश सिंह नगर के विभिन्न वार्डों में नगरवासियों से मिलकर जल समस्या के बारे मे पूछताछ कर जानकारी ली। उन्होंने कहा पानी की समस्या गंभीर हो गई है समय पर पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करें।

By Yogeshwar Sharma

Publish Date: Mon, 01 Apr 2024 12:09 AM (IST)

Up to date Date: Mon, 01 Apr 2024 12:09 AM (IST)

पानी की समस्या गंभीर, एसडीएम ने किया वार्डों का निरीक्षण

HighLights

  1. पानी की समस्या को जानने पहुंचे अधिकारी
  2. नगर पंचायत में समय पर हो पानी की आपूर्ति, एसडीएम ने दिए निर्देश
  3. पथरिया में पानी की समस्या को दूर प्रशासन जुटी

पथरिया (नईदुनिया न्यूज)। नगर में पेयजल आपूर्ति से जुड़ी जन समस्याओं को लेकर प्रशासन गंभीर हो गई है। मामले में एसडीएम बीआर ठाकुर एवं सीएमओ अमरेश सिंह नगर के विभिन्न वार्डों में नगरवासियों से मिलकर जल समस्या के बारे मे पूछताछ कर जानकारी ली। उन्होंने कहा पानी की समस्या गंभीर हो गई है समय पर पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करें।

ज्ञात हो कुछ दिनों पहले नगर से जुड़ी समस्या पानी विद्युत वितरण कंपनी की लो-वोल्टेज समस्या से होने वाले पानी की समस्या के बारे में खबर प्रकशित होने पर प्रशासन ने गंभीरता से ली है। एसडीएम ठाकुर वार्ड क्रमांक आठ, नौ एवं 11 में विद्युत वितरण कंपनी के आला अधिकारियों के साथ वार्डों की निरीक्षण कर लोगों को गर्मी के दिनों मे बिजली एवं पानी की समस्या नहीं होने की बात कही। साथ ही उन्होंने समस्या को तत्काल निराकरण करने की बात विभागीय अधिकारियों से की। पथरिया के सीएमओ ने बताया की नगर में जल स्तर निचे जाते जा रहा है इससे नगर में पानी की समस्या हो रही है। कुछ दिनों में नगर में जल अवर्धन योजना प्रारंभ हो जाएगा इससे लोगों के घरों में पर्याप्त मात्रा में पानी मिल सकेगा। वहीं सीएमओ ने बताया कि वार्ड क्रमांक आठ .नौ में पानी की अत्यधिक समस्या होने के कारण एक दो दिन मे नये बोर खनन करने की बात कही। वार्डवासियों ने बताया कि जल अवर्धन योजना कार्य की कार्यवधि के समाप्त होने के बाद और भी समय देने के बाद भी होने के कारण जल अवर्धन का कार्य अभी पूर्ण नहीं हो पा रहा है। इस मामले में जांच को लेकर एसडीएम को बताया गया और जल्द से जल्द इस योजना को प्रारंभ करने की बात कही जिससे लोगों को पानी की समस्या से निदान मिल सके। उन्होंने बताया कि पाइप लाइन में हुई गड़बड़ी की विभाग द्वारा जांच की जा रही है। वहीं ठेकेदार द्वारा एक हफ्ते में पाइप लाइन चालू करने बात कही। अभी तक उसे अमल नहीं किया गया है।

पाइपलाइन टेस्टिंग की चल रही जांच

नगर में पाइपलाइन जोड़ने में गड़बड़ी की वजह से पानी लीकेज हो रहा है। जगह-जगह से इसे सुधारने में ही महीने लग रहे हैं। पिछले कुछ दिनों से वार्ड क्रमांक आठ में पानी की आपूर्ति की जा रही है लेकिन पाइप लीकेज होने से आगे नहीं बढ़ाया जा रहा है। वार्ड क्रमांक 11 के पार्षद दीपक साहू ने बताया कि जल समस्या को लेकर उच्च अधिकारियों को अवगत कराया गया है। समस्या के निदान मांग की है।

सार्वजनिक नलों में टाइम से मिले पानी

नगर के सभी वार्डों में सार्वजनिक नलकूप लगाए तो गए किंतु उनके चालू और बंद करने का समय निर्धारित नहीं होने से कई पंप 24 घंटे चालू रहते हैं इससे या तो पंप खराब हो जाते है तब समस्या उत्पन्न होती है या फिर पानी की बर्बादी होते रहती है। इस समस्या की निदान प्रशासन, नगर पंचायत को करनी चाहिए।