Rekha began crying after listening to Saroj Khan’s scolding | सरोज खान की डांट सुनकर रोने लगी थीं रेखा: फिल्म ‘शेषनाग’ का है किस्सा, सेट पर लेट से आने पर पड़ी थी फटकार

Rekha began crying after listening to Saroj Khan’s scolding | सरोज खान की डांट सुनकर रोने लगी थीं रेखा: फिल्म ‘शेषनाग’ का है किस्सा, सेट पर लेट से आने पर पड़ी थी फटकार

2 दिन पहले

  • कॉपी लिंक

रेखा की गिनती उनके जमाने की टॉप एक्ट्रेसेस में की जाती थी। आपको जैनकर हैरानी होगी कि इतनी बड़ी एक्ट्रेस को भी सेट पर डांट पड़ी थी। इतना ही नहीं रेखा डांट सुनने के बाद बहुत रोई थीं। ये किस्सा 33 साल पहले का है। इस दौरान रेखा फिल्म ‘शेषनाग’ की शूटिंग कर रही थीं। सेट पर पॉपुलर कोरियोग्राफर सरोज खान के साथ उनका झगड़ा हो गया था। झगड़े के दौरान सरोज खान ने रेखा को खूब डांट लगाई थी। वहां, मौजूद लोग भी नहीं समझ पाए कि उनके बीच झगड़ा क्यों हुआ।

1990 का दौर था, सरोज खान रेखा को फिल्म ‘शेषनाग’ के लिए डांस सिखा रही थीं। डांस सिखाने के लिए मेकर्स ने सरोज खान को कुछ ही दिन दिए थे। रेखा सेट पर थोड़ा लेट पहुंचती थीं। सरोज ने मेकर्स से कहा था कि वो रेखा को रिहर्सल के लिए टाइम पर आने के लिए बोल दें।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रेखा ने एक दिन कुछ ज्यादा ही देरी कर दी। उनकी वजह से पूरी यूनिट को इंतजार करना पड़ा। आखिर में सरोज खान रेखा का इंतजार करते-करते थक गईं और उन्हें पैकअप करना पड़ा।

‘शेषनाग’ में रेखा को लेने का फैसला डायरेक्टर के.आर. रेड्डी का था। सरोज खान ने ही इस फिल्म के सारे गानों की कोरियोग्राफी की थी। इसी फिल्म के गाने ‘ओ मेरे दुश्मन’ में सरोज खान रेखा को डांस सिखा रही थीं। एक इंटरव्यू में सरोज खान ने रेखा संग झगड़े की वजह बताई थी।

शायद रेखा मेरे साथ काम करने में कम्फर्टेबल नहीं थीं- सरोज खान

‘लहरें’ को दिए एक इंटरव्यू में सरोज खान ने कहा था- मेरे और रेखा के बीच कोई गलतफहमी नहीं थी। वो विवाद बिना किसी वजह के ही बना दिया गया था। मैंने केवल पूछा था कि रेखा जी, मुझे ऐसा लगता है कि आपको मुझसे कोई प्रॉब्लम है। मुझसे आपको दिक्कत है। मैं आपको रिहर्सल के लिए बुलाती हूं, पर आप आती नहीं। अब आप शूटिंग के लिए आई हैं, तो कह रही हैं कि मैं ठीक नहीं हूं, तो या तो अपना डांस मास्टर बदलवा लीजिए या फिर प्रोड्यूसर से कह दें कि आप मेरे साथ काम नहीं करना चाहतीं। आपको कुछ तो समस्या होगी। आप मेरे साथ काम नहीं करना चाहतीं।

सरोज खान ने बताया था- जब मैंने रेखा से ये बात कही, तो वो रोने लगीं। उनकी आंखें भर आई थीं। सरोज ने कहा- हर एक्टर का कोई न कोई फेवरेट कोरियोग्राफर होता है। मुझे लगता है कि शायद वो मेरे साथ काम करने में कम्फर्टेबल नहीं थीं। ये सब सुनने के बाद रेखा अपने मेकअप रुम में चली जाती हैं। सेट पर लोग बात करने लगे कि रेखा रुम में रो रही हैं। ये बात सरोज खान को पता चलती है।

सरोज रेखा के पास गईं और उन्हें समझाया। सरोज ने रेखा से कहा कि उन्होंने कुछ गलत नहीं कहा है, वो बस चाहती हैं कि अगर वो उनके साथ कम्फर्टेबल नहीं हैं तो डांस मास्टर बदल सकती हैं। लेकिन रेखा ने ऐसा नहीं किया, उन्होंने सरोज खान के साथ ही गाना किया।

बता दें, 3 जुलाई 2020 में 71 साल की उम्र में सरोज खान का निधन हो गया था। उन्होंने मुंबई के गुरु नानक अस्पताल में आखिरी सांस ली।