4 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
जैकी श्रॉफ और आयशा श्रॉफ की शादी 1987 में हुई थी। शादी से पहले कपल लंबे समय तक रिलेशनशिप में थे। आयशा के परिवार को उनका रिश्ता मंजूर नहीं था। हाल ही में जैकी श्रॉफ ने बेटी कृष्णा श्रॉफ के यूट्यूब चैनल पर बातचीत के दौरान कहा कि ये एक फिल्मी लव स्टोरी है। उन्होंने बताया कि आयशा के परिवार ने उन्हें देखते ही तुरंत रिजेक्ट कर दिया था।
जैकी ने चैट के दौरान कृष्णा को बताया- मुझे याद है कि जब मैं तुम्हारी मां को डेट कर रहा था। पहली बार मैं उनके दरवाजे से अंदर गया। उस समय मैंने एक ओपन टी-शर्ट पहना हुआ था, जिसमें काफी छेद थे। इतने छेद थे जिसे आप गिन सकते थे। मेरे लंबे हिप्पी बाल, मूंछें और मैंने काली पैंट पहनी थी। उस टाइम मुझे ऐसा लग रहा था जैसे कोई भी मां मुझ जैसे लड़के को अपनी बेटी के लिए एक्सेप्ट नहीं करेगी। वो अपनी बेटी से कहेंगी तुम इस तरह के आदमी के साथ क्या कर रही हो?

आयशा के घरवालों के लिए जैकी ने अपना रहन-सहन बदला
जैकी ने कहा कि इस मुलाकात के बाद मैं सुधर गया। मैंने अपना ड्रेसिंग सेंस बदला। अपने व्यवहार में बदलाव किया। मैंने अपने नाखून साफ करना शुरू कर दिया। अपने दांत ब्रश करना शुरू कर दिया। मैंने खुद को प्रेजेंटेबल बनाना शुरू किया। इसके बाद मैं फिर उनके घर गया और कहा- क्या अब मैं आपकी बेटी से शादी कर सकता हूं?
जैकी ने कहा कि शुरुआती दिनों में आयशा की मां उन्हें पसंद नहीं करती थीं। जैकी इस बात से सहमत भी थे कि वो उस तरह नहीं दिखते थे कि कोई मां-बाप उन्हें अपनी लड़की के लिए एक्सेप्ट करे। उन्होंने कहा- इसमें समय लगा पर हमारी शादी हो गई।

आयशा ने जैकी से शादी के लिए मां को मनाया
एक इंटरव्यू में आयशा श्रॉफ ने बताया था कि उनके परिवार ने जैकी के साथ डेटिंग पर नाराजगी जताई थी। उन्होंने कहा- जब मैंने जैकी के साथ डेटिंग शुरू की तो मेरी मां ने मना किया, क्योंकि वो ‘दादा’ जैसे थे। मैं हमेशा उनसे छिपकर मिलती थी। एक दिन आयशा ने अपनी मां से कहा कि जैकी दुनिया का सबसे अमीर आदमी भले ही ना हो, लेकिन वो सबसे अच्छे दिल वाला लड़का है और वो उन्हें खुश रखेगा।

ऐसे शुरू हुई थी जैकी-आयशा की लव स्टोरी
एक बार जैकी श्रॉफ सड़क किनारे खड़े थे, तभी उन्हें 13 साल की एक लड़की स्कूल यूनिफॉर्म में बस में बैठी दिखाई दी। जैकी को उस लड़की से पहली ही नजर में प्यार हो गया। उन्होंने उससे नाम पूछा और बोले कि वे एक रिकॉर्डिंग स्टोर की ओर जा रहे हैं। क्या वे उनके साथ आना पसंद करेंगी? उसके बाद जैकी ने म्यूजिक एल्बम खरीदने में उस लड़की की मदद की। ये लड़की कोई और नहीं, आयशा थीं जो कि आज जैकी की पत्नी हैं।

पहले से किसी और को डेट कर रहे थे जैकी
उस मुलाकात के बाद दोनों एक-दूसरे से इस तरह प्रभावित हुए थे कि ये रिश्ता जल्द प्रेम में बदल गया। लेकिन दोनों की लव स्टोरी आसान नहीं रही। समस्या ये थी कि जैकी पहले से ही किसी के प्रेम में थे। जिस समय वे आयशा से मिले, उस समय उनकी गर्लफ्रेंड अमेरिका में अपनी पढ़ाई पूरी करने गई थी। उसके आने के बाद जैकी उससे शादी करने वाले थे।

ऐसे शादी के बंधन तक पहुंचा रिश्ता
आयशा के सामने दो विकल्प थे या तो वे जैकी को हमेशा के लिए भूल जाएं या फिर उनकी गर्लफ्रेंड को साफ-साफ कहें कि वे जैकी से प्रेम करती हैं और शादी करने जा रही हैं। आयशा ने बाद वाले विकल्प को चुना। उन्होंने जैकी की गर्लफ्रेंड को पत्र लिखकर सब कुछ बता दिया। बाद में जैकी और आयशा ने 1987 में शादी कर ली।

शाही परिवार से थीं आयशा
आयशा शाही परिवार से थीं। काफी संपन्नता के बीच पली-बढ़ी थीं। लेकिन जैकी की खातिर वे उनके साथ चॉल में रहने को तैयार हो गई। उन्होंने जैकी के लिए कई त्याग किए। पिछले 34 सालों से दोनों साथ-साथ हैं।