मुख्य समारोह के अलावा प्रशासनिक भवन, स्कूल, महाविद्यालय, ग्राम पंचायत व निजी संस्थानों में आन बान शान के साथ तिरंगा लहराया जाएगा।
Publish Date: Thu, 25 Jan 2024 11:58 PM (IST)
Up to date Date: Thu, 25 Jan 2024 11:58 PM (IST)
HighLights
- सीएसईबी फुटबाल ग्राउंड में होगा मुख्य आयोजन
- शासकीय व निजी संस्थानों में भी सम्मान से लहराएगा तिरंगा
- गणतंत्र दिवस की रात्रि सभी शासकीय संस्थानों को विद्युत रोशनी से जगमग किया जाएगा।
कोरबा (नईदुनिया प्रतिनिधि)। गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय के फुटबाल ग्राउंड में आयोजित मुख्य समारोह में वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन ध्वजारोहण कर परेड की सलामी लेंगे। इस अवसर पर विभिन्न विभागों की ओर से आकर्षक एवं जीवंत झांकियों का प्रदर्शन किया जाएगा। मुख्य समारोह के अलावा प्रशासनिक भवन, स्कूल, महाविद्यालय, ग्राम पंचायत व निजी संस्थानों में आन बान शान के साथ तिरंगा लहराया जाएगा।
गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह में सुबह 8.59 बजे मुख्य अतिथि का समारोह स्थल पर आगमन होगा। सुबह नौ बजे मुख्य अतिथि ध्वजारोहण करेंगे। 9.01 बजे सलामी एवं राष्ट्रगान होगा। सुबह 9.03 बजे मुख्य अतिथि परेड का निरीक्षण करेंगे इसके पश्चात हर्ष फायर होगा। 9.12 बजे परेड का मार्च पास्ट, 9.30 बजे परेड की समीक्षा एवं सलामी, 9.32 बजे मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन, 9.47 बजे रंगीन गुब्बारा उड़ाने के साथ शांति के प्रतीक कबूतरों को खुले आसमान में छोड़ा जाएगा। 9.50 बजे परेड का प्रस्थान एवं परेड कमांडरों का परिचय, 10.10 बजे शहीद परिवारों का सम्मान, 10.20 बजे सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन, सुबह 10.45 बजे विभागीय झांकी प्रदर्शन, 11 बजे शासकीय कार्यो में उत्कृष्ठ कार्य करने वाले कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार वितरित होंगे। सुबह 11.10 बजे कार्यक्रम का समापन होगा। इसके पूर्व कलेक्टोरेट कार्यालय में कलेक्टर अजीत वसंत व एसपी कार्यालय में पुलिस अधीक्षक जितेंद्र शुक्ला तिरंगा फहराएंगे। इसके अलावा अन्य शासकीय कार्यालयो मे भी विभाग प्रमुख तिरंगा फहराएंगे। गणतंत्र दिवस की रात्रि सभी शासकीय संस्थानों को विद्युत रोशनी से जगमग किया जाएगा।
रैली के साथ समारोह में शामिल होंगे स्कूली बच्चे
मुख्य समारोह में इस बार सांस्कृतिक कार्यक्रम आकर्षण के केंद्र होंगे। आयोजन आत्मानंद स्कूल के अलावा चयनित स्कूलों के बच्चे शामिल होंगे। कार्यक्रम में शामिल होने वाले बच्चे रैली के साथ आयोजन स्थल में पहुंचेंगे। मुख्य समारोह के अलावा स्कूलों में भी सांस्कृतिक आयोजन होंगे। शासकीय व निजी स्कूलो में ध्वजारोहण के पश्चात सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी। आयोजन को लेकर लोगाें उत्साह देखा जा रहा है।
साकेत भवन में महापौर लहराएंगे तिरंगा
आयोजन जिले के सभी प्रशासनिक भवनों में होगा। निगम निगम कार्यालय साकेत भवन में महापौर राजकिशोर सुबह आठ बजे ध्वजारोहण करेंगे। जिला पंचायत कार्यालय परिसर में आयोजित ध्वजारोहण कार्यकम में अध्यक्ष शिवकला मुख्य अतिथि होंगी। जनपद कार्यालयों में जनपद अध्यक्षों की उपस्थिति में ध्वजारोहण होगा। पंचायत मुख्यालयों में सरपंच अथवा बड़े बुुजुर्ग ध्वजा रोहण करेंगे। साथ ही सामूहिक रूप से राष्ट्रीय गान गाया जाएगा। इसके अलावा कलेक्टर व एसपी बंगले में सुबह सात बजे लहराएगा तिरंगा ।
इन विभागों की निकलेगी झांकी
विभागीय झांकियों में जिला पंचायत, नगर पालिका निगम, वन विभाग, पीएचई, जिला उद्योग केंद्र, रेशम विभाग, उद्यानिकी विभाग, जल संसाधन, पशुपालन, कृषि, मछली पालन विभाग, आदिवासी विकास विभाग, राजीव गांधी शिक्षा मिशन, क्रेडा, स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, एनटीपीसी कोरबा, भारत एल्युमिनियम कंपनी लिमिटेड बालको, छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत मंडल कोरबा पूर्व और एसईसीएल कोरबा की झांकियां प्रदर्शित की जाएंगी।