Umaria Information: बारिश में बाघों को खतरा, सुरक्षा के लिए तैनात होंगे 4000 सुरक्षा श्रमिक

Latest NewsUmaria Information: बारिश में बाघों को खतरा, सुरक्षा के लिए तैनात होंगे 4000 सुरक्षा श्रमिक

मध्यप्रदेश में कुल बाघों की संख्या 785 हो गई है। टाइगर रिजर्व में बाघों की संख्या का आंकड़ा भी लगातार बदल रहा है। बारिश के दौरान सुरक्षा श्रमिक लाठी और टॉर्च के सहारे जंगल की सुरक्षा करेंगे और शिकारियों पर निगाह रखेंगे। वन्य क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी।

By Sandeep Chourey

Publish Date: Thu, 04 Jul 2024 07:00:00 AM (IST)

Up to date Date: Thu, 04 Jul 2024 07:00:00 AM (IST)

HighLights

  1. मप्र के सभी 7 टाइगर रिजर्व में बढ़ेगी सुरक्षा
  2. बारिश में शिकारियों से बाघों की सुरक्षा जरूरी
  3. बारिश में टाइगर रिजर्व में बंद हो जाता है पर्यटन

संजय कुमार शर्मा, उमरिया। मध्य प्रदेश के सभी 7 टाइगर रिजर्व में वर्षा काल के दौरान शिकारियों से वन्य प्राणियों की सुरक्षा के लिए 4000 से ज्यादा सुरक्षा श्रमिकों की सहायता ली जाएगी। यह सुरक्षा श्रमिक जंगल की पैदल गश्त, पेट्रोलिंग कैंप, वॉच टावर, बेस वायरलेस स्टेशन सहित अलग-अलग स्थानों पर मुस्तैद रहकर बाघों की सुरक्षा करेंगे। खास बात यह सुरक्षा श्रमिक दिन में सिर्फ लाठी और रात में लाठी और टॉर्च की मदद से अपनी इस बड़ी जिम्मेदारी को पूरा करेंगे।

इसलिए जरूरी गश्त

वर्षा काल के दौरान जब टाइगर रिजर्व में पर्यटन बंद कर दिया जाता है, तब सुरक्षा की ज्यादा आवश्यकता महसूस होती है। खास तौर से वर्षा काल में शिकारियों के जंगल में घुसने की ज्यादा आशंका रहती है। यही कारण है कि प्रदेश के जंगल में मानसून अलर्ट घोषित किया जाता है।

टाइगर रिजर्व का इतना है क्षेत्रफल

  • बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व का कुल क्षेत्र 1536.938 वर्ग किलोमीटर है। इसमें कोर 716.903 वर्ग किलोमीटर और बफर 820.035 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र शामिल है।
  • कान्हा टाइगर रिजर्व का कुल क्षेत्र 2051.748 वर्ग किलोमीटर है। इसमें कोर 917.430 वर्ग किलोमीटर और बफर 1134.319 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र शामिल है।
  • सतपुड़ा टाइगर रिजर्व का कुल क्षेत्र 2133.307 वर्ग किलोमीटर है। इसमें कोर 1339.264 वर्ग किलोमीटर और बफर 794.043 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र शामिल है।
  • पेंच टाइगर रिजर्व का कुल क्षेत्र 1179.632 वर्ग किलोमीटर है। इसमें कोर 411.330 वर्ग किलोमीटर और बफर 1179.632 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र शामिल है।
  • पन्ना टाइगर रिजर्व का कुल क्षेत्र 1598.102 वर्ग किलोमीटर है। इसमें कोर 576.130 वर्ग किलोमीटर और बफर 1021.972 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र शामिल है।
  • संजय टाइगर रिजर्व का कुल क्षेत्र 1674.512 वर्ग किलोमीटर है। इसमें कोर 812.581 वर्ग किलोमीटर और बफर 861.931 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र शामिल है।
  • वीरांगना रानी दुर्गावती टाइगर रिजर्व का कुल क्षेत्र 2339.12 वर्ग किलोमीटर है। इसमें कोर 1414 वर्ग किलोमीटर और बफर 925.12 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र शामिल है।

कहां कितने सुरक्षा श्रमिक

  • बांधवगढ़ में 700 से ज्यादा सुरक्षा श्रमिकों को जंगल की सुरक्षा पर लगाया जाता है।
  • कान्हा में यह संख्या 1000 के आसपास है।
  • पेंच में 600, सतपुड़ा और पन्ना में 500-500 के आसपास सुरक्षा श्रमिक तैनात किए जाते हैं।
  • संजय धुबरी और वीरांगना रानी दुर्गावती टाइगर रिजर्व नौरादेही में यह संख्या 400-400 के आसपास है।

टाइगर रिजर्व में बाघ

पिछली गणना में मध्यप्रदेश में बाघों की संख्या 785 हो गई है और टाइगर रिजर्व के बाघों की संख्या का आंकड़ा भी इसके साथ बदल गया है। बांधवगढ़ में 165, कान्हा टाइगर रिजर्व में 129, पन्ना टाइगर रिजर्व में 64, पेंच टाइगर रिजर्व में 123, सतपुड़ा टाइगर रिजर्व में 62 और संजय धुबरी टाइगर रिजर्व में बाघों की संख्या 20 हो गई है।

यहां खास बात यह है कि स्टीमेशन के दौरान दस प्रतिशत का मार्जिन भी रखा जाता है। यानी यह संख्या दस प्रतिशत कम और ज्यादा भी हो सकती है। सामान्य वन मंडल में बाघों की संख्या भी अलग है।

ऐसे रखेंगे नजर

यह सुरक्षा श्रमिक लाठी और टॉर्च के सहारे जंगल की सुरक्षा करेंगे और शिकारियों पर नजर रखेंगे। खासतौर से जंगल से लगे हुए ग्रामीण हिस्सों पर नजर रखी जाएगी और ग्रामीण क्षेत्रों में डेरा जमा कर रहने वालों से पूछताछ की जाएगी। इस काम में सुरक्षा श्रमिकों के अलावा वन विभाग का अमला भी अहम भूमिका निभाएगा।

Check out our other content

Check out other tags:

Most Popular Articles